शिवपुरी: यहां स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ऑटो पलट गया और उसमें सवार 20 मासूम बच्चे घायल हो गए. इनमें से तीन की हालत गंभीर है. जिसकी वजह से उन्हें शिवपुरी अस्पताल रेफर किया गया है. ये हादसा शिवपुरी के अमोला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 27 पर हुआ. ओवरलोडेड ऑटो को एक दिव्यांग ड्राइवर चला रहा था. ऑटो में 5 साल से 9 साल तक के बच्चे सवार थे.
सुबह सलैया गाँव से करीब 20 बच्चों और एक टीचर को लेकर एक ऑटो आर. के. पब्लिक स्कूल जा रहा था. सुबह 8 बजे ऑटो तेज रफ़्तार में सड़क पर बने एक गड्ढे से टकराया और दो बार पलट गया. जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. हादसे के बाद बच्चों को तुरंत सिरसौद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर और स्टाफ मौजूद ही नहीं थे. मजबूरी में घायल बच्चों को अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया है।
