इंदौर: इस साल नवंबर में पूरा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है. स्थिति यह हो गई है कि अधिकांश शहरों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया है. प्रदेश में सबसे ठंडा शहर राजगढ़ और भोपाल रहे, जहां पारा 5 डिग्री न्यूनतम पर पहुंच गया है. इंदौर में भी शीत लहर का प्रकोप जारी है और रात और दिन का पारा लगातार कम हो रहा है.
इस बार उत्तरी हवाओं ने दिसंबर की ठंड को नवंबर में ही महसूस करा दिया है. सामान्य तौर पर दिसंबर में शीत लहर चलती है, लेकिन इस बार उत्तरी हवाओं ने नवंबर में ठंड के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का तय कर लिया है. यही वजह है कि पूरे प्रदेश में शीत लहर का प्रकोप है, लेकिन राजगढ़, भोपाल, पंचमढ़ी, इंदौर, उमरिया और नयागांव में भीषण शीत लहर चल रही है. आज इंदौर में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे रहा है. शहर में पिछले एक हफ्ते से सीवियर कोल्ड वेव चल रही है. रात का तापमान 6 से 7 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जो सामान्य से 8 डिग्री गिरकर दर्ज हो रहा है. वहीं दिन का तापमान भी सामान्य से 8 डिग्री गिरकर 22 डिग्री दर्ज हुआ है. इसमें रात 8 बजे तक तापमान 20 डिग्री से भी कम हो गया है.
प्रदेश में राजगढ़ सबसे ठंडा
पूरे प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ लिया है और अधिकांश शहरों में पारा सामान्य से 5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया है. प्रदेश में सबसे ठंडा राजगढ़ रहा है. राजगढ़ में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. मतलब यह है कि अधिकाश शहरों में तापमान 10 डिग्री के अंदर और दिन में अधिकाश शहरों में तापमान 28 डिग्री दर्ज हो रहा है. दिन में में सामान्य से 3 से लेकर 9 डिग्री कम दर्ज हो रहा है.
ठंड का प्रकोप चलता रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिन तक शीत लहर बनी रहेगी. दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी. मौसम फिलहाल साफ रहेगा और ठंड का प्रकोप चलता रहेगा
