बेंगलुरु, 17 नवंबर (वार्ता) भारतीय पुरुष हॉकी टीम 23 से 30 नवंबर तक होने वाले 31वें सुल्तान अजलान शाह कप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोमवार तड़के बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मलेशिया के इपोह के लिए रवाना हुई।
इस संस्करण में भारत 23 नवंबर को अपने शुरुआती मैच में कोरिया से भिड़ेगा, उसके बाद राउंड-रॉबिन चरण में बेल्जियम, मेजबान मलेशिया, न्यूजीलैंड और कनाडा के खिलाफ मैच होंगे। लीग चरण के अंत में शीर्ष दो टीमें 30 नवंबर को होने वाले फाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी।
पिछले कुछ हफ्तो से भारतीय टीम ने बेंगलुरु में अभ्यास किया है। डिफेंडर संजय टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
कप्तान संजय ने कहा, “हम सुल्तान अजलान शाह कप का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टीम ने पिछले कुछ हफ्तो में कड़ी मेहनत की है, सामरिक अनुशासन और फिटनेस दोनों पर ध्यान केंद्रित किया है। यह टूर्नामेंट हमेशा एक बेहतरीन प्रतिस्पर्धी माहौल और मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खुद को परखने का मौका प्रदान करता है।”
उन्होंने कहा, “हम हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार और प्रेरित हैं और हमारा लक्ष्य निरंतरता बनाए रखना तथा खिताब के लिए चुनौती पेश करना है। टीम की मानसिकता को लेकर उन्होंने कहा कि टीम में जबरदस्त ऊर्जा है। हर कोई अपनी भूमिका समझता है, और हम इस तरह के एक महत्वपूर्ण मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित हैं। हमें उम्मीद है कि हम देश को गौरवान्वित करेंगे और इस सकारात्मक गति को आगे बढ़ाएंगे।”

