वारसॉ, 17 नवंबर (वार्ता/स्पुतनिक) पोलैंड में यूक्रेन की ओर जाने वाली एक रेलवे लाइन के क्षतिग्रस्त होने के मामले में प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि इस मामले में तोड़फोड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
पोलैंड के माज़ोवीकी वोइवोडीशिप की पुलिस के अनुसार, एक ट्रेन चालक ने मीका रेलवे स्टेशन के निकट, गारवोलिन काउंटी के ज़िचिन शहर के पास रेलवे संरचना में गड़बड़ी की सूचना दी। घटना के समय ट्रेन में दो यात्रियों के अलावा कई चालक दल के सदस्य सवार थे।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती निरीक्षण में पटरी के एक हिस्से को नुकसान होने के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा। श्री टस्क ने पुष्टि करते हुए कहा तोड़फोड़ इसका एक संभावित कारण हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “डेब्लिन-वारसॉ मार्ग पर रेल लाइन के एक हिस्से को नुकसान पहुंचने के संबंध में, मैं आंतरिक मामलों के मंत्री के साथ लगातार संपर्क में हूँ। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि हम तोड़फोड़ की घटना से निपट रहे हैं। इसमें कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और संबंधित सेवाएं जारी हैं।”
वर्तमान में रेल सेवा समानांतर ट्रैक पर चल रही है तथा आपातकालीन दल मौके पर मौजूद हैं।
