जबलपुर: जनपद पंचायत सिहोरा की ग्राम पंचायत सरौली में पदस्थ प्रभारी सचिव आशीष दुबे पर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने जिला पंचायत जबलपुर एवं जनपद पंचायत सिहोरा के अधिकारियों को शिकायत देकर सचिव को पद से हटाने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, लगभग दस माह से पदस्थ प्रभारी सचिव आशीष दुबे पंचायत के जनहित कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पंचायत में नियमित उपस्थित नहीं रहते और आने पर भी लोगों के कार्यों में आनाकानी करते हैं। साथ ही उनके द्वारा अभद्र भाषा का उपयोग किए जाने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है।
पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था चरमराई
ग्राम में पेयजल व्यवस्था अत्यंत खराब बताई जा रही है। कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा और कीड़े युक्त पानी लोगों को पीना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बार-बार शिकायत के बावजूद सुधार कार्य समय पर नहीं कराया गया। नालियों की सफाई न होने से पूरे गांव में गंदगी फैलने की स्थिति बनी हुई है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
फर्जी बिल और लाखों की राशि के गबन का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 26 जून 2025 से 19 अक्टूबर 2025 के बीच ग्राम पंचायत खाते से लगभग 7.39 लाख रुपये की राशि फर्जी बिलों के माध्यम से निकाली गई। आरोप है कि कई कार्यों के लिए राशि निकाली गई, लेकिन वे कार्य जमीन पर शुरू भी नहीं हुए। पंचायत सदस्यों को न तो जानकारी दी गई और न ही उनके अनुमोदन से भुगतान किया गया।
