नयी दिल्ली, 10 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दशकों बाद लोग जुलाई में अब स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं और यह जनभागीदारी का परिणाम है।
श्री सिरसा ने आज कहा कि जुलाई के महीने में दिल्ली की वायु गुणवत्ता को लेकर एक उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। राजधानी के 13 प्रमुख हॉटस्पॉट्स में से 5 स्थानों ने आज ‘गुड’ श्रेणी में वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया। पूरे शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 59 रहा, जो कि लगातार 15वां दिन है जब दिल्ली की हवा ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही।
उन्होंने कहा “यह केवल एक आंकड़ा नहीं है। यह दिल्ली के लिए एक निर्णायक क्षण है, खासकर जुलाई जैसे महीने में। दशकों बाद हम इस महीने में अब स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। यह सतत प्रयास, तकनीक आधारित निगरानी और सबसे महत्वपूर्ण जनभागीदारी का परिणाम है।”
मुख्यमंत्री कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सक्षम नेतृत्व में हमनें यह सिद्ध किया है कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रभावी नेतृत्व मिलकर असंभव को संभव बना सकते हैं। जहां पूर्ववर्ती सरकारें प्रदूषण को लेकर स्वास्थ्य की उपेक्षा करती रहीं, वहीं हमारी सरकार ने पर्यावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।”
