जून में इजरायल संग 12 दिन की जंग के बाद ईरान ने देशभर में मोबाइल इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का परीक्षण किया। सरकार संभावित बड़े टकराव को ध्यान में रखकर नागरिकों को तैयार कर रही है।
इजरायल के साथ जून में हुए 12 दिन लंबे युद्ध के बाद ईरान अब किसी बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका को लेकर खुली तैयारी में जुट गया है। इसी तैयारी का हिस्सा बना शुक्रवार को देशभर में किया गया मोबाइल फोन इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का बड़ा ट्रायल।
सरकार ने सीमित संख्या में चुने हुए मोबाइल यूज़र्स को टेस्ट संदेश भेजकर संकेत दे दिया कि आने वाले महीनों में किसी भी संभावित अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जनता को सतर्क और तैयार रखना उसकी प्राथमिकता है।
