विकेटों के पतझड़ के बीच भारत को मिली जीत की सुगंध

कोलकाता, 15 नवंबर (वार्ता) रवींद्र जडेजा (चार विकेट) और कुलदीप यादव (दो विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के दूसरी पारी में 93 पर सात विकेट झटक कर मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। दक्षिण अफ्रीका अभी 63 रनों से आगे है और उसके तीन विकेट बाकी हैं।
भारत को पहली पारी में 189 रन पर समेटने के बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की एक बार फिर शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह भारतीय स्पिन गेंदबाजी आक्रमण के आगे बेबस नजर आया। लेफ्टआर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 29 रन पर चार लेकर मेहमान टीम को झकझोर दिया। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने 12 रन पर दो विकेट निकाले। लेफ्टआर्म स्पिनर अक्षर पटेल को 30 रन पर एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में कप्तान टेम्बा बावुमा ने सर्वाधिक नाबाद 29 रन बनाये। रायन रिकलटन (11), वियान मुल्डर (11) और मार्को यानसन (13) ही दहाई की संख्या में पहुंच सके। स्टंप्स के समय बाबुमा के साथ कॉर्बिन बॉश एक रन बनाकर क्रीज पर थे। मैच के दूसरे दिन कुल 15 विकेट गिरे और भारत को इस मुकाबले में जीत की सुगंध नजर आने लगी है।
इससे पहले भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाकर 30 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी। भारत ने कल के एक विकेट पर 37 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में भारत का दूसरा विकेट 75 रन के स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर के रुप में गिरा। उन्हें साइमन हार्मर ने आउट किया। इसके बाद केशव महाराज ने केएल राहुल 39 रन को आउट किया। ऋषभ पंत (27 रन) को कॉर्बिन बॉश ने अपना शिकार बनाया। 49वें ओवर में हार्मर ने धुव जुरेल (14) को अपनी ही गेंद पर कैच आउटकर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने रवींद्र जडेजा (27) को भी अपना शिकार बनाया। इस दौरान मैच में आक्रामक बल्लेबाजी और धैर्यपूर्ण डिफेंस का मिश्रण देखने को मिला।
राहुल ने केशव महाराज की गेंद पर एक छक्का और कई चौके लगाए, जबकि पंत शानदार फॉर्म में थे और आउट होने से पहले उन्होंने दो छक्के और इतने ही चौके लगाए। सुंदर ने भी अपनी पहुंच और टाइमिंग का अच्छा इस्तेमाल करते हुए एक छक्का और दो चौके लगाकर प्रभावित किया। भारत का सातवां विकेट कुलदीप यादव (एक) का विकेट 172 के स्कोर पर गिरा। उन्हें मार्को यानसन ने आउट किया। मोहम्मद सिराज (एक) को भी यानसन ने अपना शिकार बनाया। 63वें ओवर की दूसरी गेंद पर साइमन हार्मर ने अक्षर पटेल (16) को आउटकर नौ विकेट पर 189 के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत कर दिया।
इससे पहले शुभमन गिल स्वीप शॉट लगाने के प्रयास में 79/2 के स्कोर पर चोटिल होकर पवेलियन लौट गये थे और वह दोबारा बल्लेबाजी करने मैदान पर नहीं उतरे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने चार विकेट लिये। मार्को यानसन को तीन विकेट मिले। कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

भारतीय कुश्ती महासंघ ने अमन सहरावत पर निलंबन हटाया, राहत मिली

Sat Nov 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 नवम्बर (वार्ता) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने अमन सहरावत पर लगाया गया एक साल का निलंबन वापस ले लिया है, क्योंकि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता इस साल की शुरुआत में विश्व चैंपियनशिप में अपने इवेंट के दौरान अधिक वजन के पाए गए थे। पेरिस 2024 में भारत […]

You May Like