सिंगरौली: कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनआरसी, आयुष्मान कार्ड, टीबी नियंत्रण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य परीक्षण से वंचित न रहे। सभी बीएमओ सेक्टरवार सूची तैयार कर एएनसी पंजीयन से वंचित महिलाओं को चिन्हित करें । एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए तैयारियां करें
संक्रामक रोगों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के रोग प्रकोप की सूचना मिलने पर तत्काल नियंत्रणात्मक कार्रवाई की जाए। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान निर्धारित पोषण आहार एवं फूड पैकेट समय पर उपलब्ध कराए जाएं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देशित किया। बैठक के दौरान जिला अधिकारी मौजूद रहे।
