सतना : खेत की सिंचाई के लिए कुएं में लगे मोटर पंप की चोरी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरसत में लेकर पूछताछ शुरु की तो मोटर पंप गिरोह का पर्दाफाश हो गया.जिले के कोठी थाना प्रभारी व प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष त्यागी से प्राप्त जानकारी के अनुसार गारइया गांव के निवासी कियान राघवेंद्र सिंह द्वारा मोटर पंप चोरी होने की शिकायत महीने भर पहले की गई थी.
राघवेंद्र के अनुसार उनके खेत की सिंचाई के लिए कुएं में लगे मोटर पंप को कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया. इसी तरह मोटर पंप चोरी होने की शिकायत राघवेंद्र के निकट रहने वाले ददन यादव द्वारा भी की गई थी. ददन के खेत में कुएं में लगे मोटर पंप को भी अज्ञात चोर चुरा ले गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई. इस दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर कुछ सेदहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरु की गई.
पूछताछ में संदेहियों की पहचान कैलाश दाहिया उर्फ चुनकी पिता राजमन उम्र 19 वर्ष निवासी बरहना भठिया, हाकिम यादव उर्फ राजा पिता रमेश उम्र 22 वर्ष निवासी रमपुरा, संतोष यादव उर्फ बुल्ली उर्फ भूरा पिता लक्ष्मन उम्र 20 वर्ष निवासी रमपुरा और अमित कोल उर्फ बेटू पिता ददन उम्र 20 वर्ष निवासी बरहना बठिया के तौर पर हुई. वहीं कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने मोटर पंप चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया. जिसके चलते आरोपियों की तस्दीक पर चुराए गए 1 अथवा 2 नहीं बल्कि दर्जन भर मोटर पंप को पुलिस ने बरामद कर लिया. जब्त 12 मोटर पंप की कीमत 94 हजार 500 रु आंकी गई.
