मैहर:कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल अमरपाटन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक पाये जाने पर आउटसोर्स स्वच्छता एजेंसी मेसर्स स्काई बुल सिक्योरिटी सर्विस (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड पर 10 हजार रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित करने के निर्देश दिये।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एलके तिवारी ने सिविल अस्पताल अमरपाटन में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाये जाने और अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने और अनुबंध की शर्तो का उल्लंघन करने पर आउटसोर्स एजेंसी मेसर्स स्काई बुल सिक्योरिटी सर्विस (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड यूजी फाइव अहिंसा टावर 7 एमजी रोड इन्दौर एक अर्थदण्ड अधिरोपित राशि 10 हजार रूपये को तत्काल रोगी कल्याण समिति अमरपाटन के बैंक एकाउंट में जमा कर 24 घण्टे के अंदर पावती प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर रानी बाटड ने सिविल अस्पताल अमरपाटन की एनआरसी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एनआरसी में एक भी कम वजन के बच्चे भर्ती नहीं पाये गये। एनआरसी के सभी बेडस खाली पाये जाने पर कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी बाल विकास परियोजना अमरपाटन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वार्डो एवं परिसर में गंदगी तथा अस्पताल का संचालन व्यवस्थित नहीं पाये जाने पर कलेक्टर ने बीएमओ डॉ. सतनामी और अस्पताल के प्रभारी डॉ. सतनामी को कारण बताओ नोटिस जारी किये हैं।
