बिहार के चहुमुखी विकास पर जनता की मुहर : गडकरी

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-राजग की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए बिहार की जनता का आभार जताया और कहा कि इस प्रचंड जीत के साथ ही बिहार के लोगों ने राज्य के चहुमुखी विकास पर मुहर लगा दी है।

श्री गडकरी ने यहां पत्रकारों से कहा “यह ऐतिहासिक जीत है। प्रगति और विकास को समर्थन देने के लिए बिहार की जनता का आभार। बिहार की जनता ने राजग को जिस तरह से समर्थन देकर बहुमत दिया है वह ऐतिहासिक है। जातिवाद के विरोध में बिहार में गठबंधन की सरकार ने जो विकास किया है उसी का परिणाम बिहार की जनता ने दिया है। बिहार में सड़क, बिजली, पानी, विकास और रोजगार लोगों की समस्याएं हैं और पिछले दस साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इन्हीं विंदुओं पर फोकस कर विकास कार्य हुए हैं और बिहार की जनता ने इस चुनाव में उसी का परिणाम दिया है। मैं बिहार की जनता को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह जीत बिहार को एक विकसित राज्य बना कर रहेगी।”

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर भी इस जीत के लिए बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि राजग को मिली यह जीत बिहार में चहुंमुखी विकास पर जनता की मुहर है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग को मिली भारी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को बधाई दी।”

श्री गडकरी ने कहा, “बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास को चुना है। चहुंमुखी विकास के मूलमंत्र के साथ एनडीए की सरकार द्वारा किए गए कामों पर फिर एक बार मुहर लगाई है। बिहार की जनता जनार्दन का अभिनंदन करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं। बिहार की जनता के साथ उन करोड़ो पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई जिन्होंने इस जीत को संभव बनाने में अथक प्रयास किए है। मुझे पूर्ण विश्वास है, कि श्री मोदी और श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार और तेज होगी।”

Next Post

भारत की सहकारिता व्यवस्था ने वैश्विक स्तर पर नयी पहचान बनाई : इन्द्राज

Fri Nov 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 नवम्बर (वार्ता) दिल्ली सरकार के सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद भारत की सहकारिता व्यवस्था ने वैश्विक स्तर पर नयी पहचान बनाई है। श्री इन्द्राज ने शुक्रवार को 72 वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के पहले दिन नेशनल कोऑपरेटिव यूनियन ऑफ़ […]

You May Like