पेरिस, 26 मई (वार्ता) फ्रेंच ओपन 2025 के दूसरे दिन सोमवार को जर्मनी के डेनियल अल्टमायर ने उलटफेर करते हुए चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वही स्टेफानोस सितसिपास और पाउला बडोसा ने अगले दौर में जगह बना ली हैं।
आज यहां रोलांड गैरोस के क्ले कोर्ट पर खेले गये मुकाबले में जर्मनी के डेनियल अल्टमायर चौथी वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज को 7-5, 3-6, 6-3, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। डेनियल अल्टमायर ने आक्रामक और रणनीतिक खेल का प्रदर्शन करते हुए फ्रिट्ज की लय को बाधित कर निर्णायक जीत दर्ज की।
अब अल्टमायर का अगले दौर में चेक गणराज्य के विट कोप्रिवा से मुकाबला होगा।
एक अन्य मैच में पांचवीं वरीयता प्राप्त स्टेफानोस सितसिपास ने अर्जेंटीना के टॉमस मार्टिन एचेवेरी को 7-5, 6-3, 6-4 से हराकर क्ले-कोर्ट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं महिलाओं के ड्रॉ में, पाउला बडोसा ने चुनौतीपूर्ण शुरुआत से उबरते हुए पूर्व विश्व नंबर वन नाओमी ओसाका को 6-7(1), 6-1, 6-4 से हराया।
दिन के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनों में से एक गैर-वरीयता प्राप्त स्पेन की जेसिका बूज़ास मानेरो का था, जिन्होंने नौवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की एम्मा नवारो को एक घंटे से भी कम समय में 6-0, 6-1 से हराया।
एक अन्य मुकाबले में पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियाटेक ने स्लोवाकिया की रेबेका श्रामकोवा को हराकर फ्रेंच ओपन के अगले दौर में जगह बना ली हैं
कोर्ट फिलिप-चैटियर पर खेले गये मुकाबले में पोलैंड की स्वियाटेक ने आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्लोवाकिया की रेबेका स्रामकोवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराकर फ्रेंच ओपन दूसरे दौर में प्रवेश किया।
शीर्ष वरीयता प्राप्त पोलिश खिलाड़ी स्वियाटेक ने पहले सेट में जल्दी ही ब्रेक लिया। मैच के दौरान उन्होंने सटीक ग्राउंडस्ट्रोक और मजबूत सर्विस के साथ गेम में अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि इस दौरान श्रामकोवा ने आक्रामक प्रदर्शन किया लेकिन वह मिले अवसरों को भुनाने में विफल रही।
दूसरे सेट में भी यही कहानी रही, स्विएटेक ने दो बार और ब्रेक लिया। उन्होंने एक घंटे और 31 मिनट में तक चले मुकाबले में स्लोवाकिया खिलाड़ी पर जीत दर्ज की। स्विएटेक की फ्रेंच ओपन में यह लगातार 22वीं जीत है।
फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में स्विएटेक का मुकाबला ब्रिटेन की एम्मा राडुकानू से होगा। जिन्होंने दिन की शुरुआत में तीन सेटों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में चीन की वांग जिन्यू को हराया।
