चेम्सफर्ड, (वार्ता) हीथर नाइट (नाबाद 66) के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड की महिला टीम ने तीसरे टी-20 मुकाबले में सोमवार को वेस्टइंडीज पर 17 रनों की जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है।
आज यहां वेस्टइंडीज की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 144 रनों का स्कोर खड़ा। हीथर नाइट ने 47 गेंदों में (नाबाद 66) रनों की पारी खेली। नेट सायवर ब्रंट ने (37) और एमी जोंस ने (22) रन बनाये। वेस्टइंडीज की ओर से हेली मैथ्यूज ने तीन विकेट लिये। जायडा जेम्स और जे क्लैक्सटन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे टिक नहीं खेल सके। वेस्टइंडीज की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गवांती रही। हेली मैथ्यूज ने 54 गेंदों में (75) रनों की पारी खेली। इसके अलावा रीलेआना ग्रिमोंड (15) और शबीका गजनबी (14) रनों की पारी खेली। वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 127 रन ही बना सकी और 17 रनों से मुकाबला हार गई। इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल, एमिली आरलट, शार्लेट डीन और लिंसी स्मिथ ने दो-दो विकेट लिये।
तीन मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाली वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को ‘प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।
