
पूर्व घरेलू क्रिकेटर सालिया समन पर भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन का आरोप, 2021 की T10 लीग से जुड़ा है मामला।
दुबई, 16 अगस्त (वार्ता): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने श्रीलंका के पूर्व घरेलू क्रिकेटर सालिया समन पर मैच फिक्सिंग के आरोप में पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया है। ICC के भ्रष्टाचार निरोधक ट्रिब्यूनल ने उन्हें अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है। यह मामला 2021 में आयोजित हुई अबू धाबी T10 लीग से जुड़ा हुआ है।
ICC के अनुसार, समन ने न केवल मैचों को प्रभावित करने की कोशिश की, बल्कि दूसरे खिलाड़ियों को भी भ्रष्ट आचरण में शामिल करने के लिए उकसाया और इनाम की पेशकश की। 39 वर्षीय समन को सितंबर 2023 से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था, और अब यह प्रतिबंध उसी तारीख से प्रभावी माना जाएगा।
