शिक्षा व स्वास्थ्य समस्त विकास का अंतिम लक्ष्य है: उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने 392 शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश प्रदान किए

नवभारत न्यूज

रीवा, 5 जनवरी, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शिक्षा व स्वास्थ्य समस्त विकास का अंतिम लक्ष्य है. शिक्षा की गुणवत्ता व स्वास्थ्य की सुविधाएं जब रीवा में उत्कृष्ट होंगी तब ही रीवा का विकास पूर्ण होगा. उन्होंने शिक्षक समुदाय से अपेक्षा की कि विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ-साथ संस्कारवान भी बनाएं. उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश द्वारा सम्मान किया गया.

कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को बेहतर बनाने में शिक्षक अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें साथ ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए सजग करें. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के गढऩे का कार्य शिक्षक ही करते हैं. इसलिए युवाओं को नशे जैसी विकृति से दूर रहने की समझाइश शिक्षक ही दे सकते हैं. उन्होंने बताया कि समन्वित प्रयास से जिले में युवाओं को नशे से दूर रखने के सभी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और इसके सार्थक परिणाम भी सामने आए हैं. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश आर्थिक तौर पर सशक्त हो रहा है. नदियों को जोडऩे के अटल जी के संकल्प को पूरा किए जाने का कार्य प्राथमिकता से जारी है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भवनों का निर्माण, सीएम राइज व पीएमश्री विद्यालयों की स्थापना सहित अन्य अधोसंरचना विकास के कार्य कराए जा रहे हैं. शिक्षकों का दायित्व है कि वह अपने शिक्षकीय कार्य का निष्ठापूर्वक व ईमानदारी से निर्वहन करें और विकसित व सुसंस्कृत समाज के निर्माण में अपनी भूमिका को निभाएं. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने 392 शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी किए. उप मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की विभिन्न मांगो का शासन स्तर से समाधान किए जाने के लिए आश्वस्त किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता ने कहा कि रीवा जिला को स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान दिलाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं. उप मुख्यमंत्री का शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया. कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, संगठन के प्रांताध्यक्ष राकेश दुबे, यशपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष मौजूद रहे.

Next Post

राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ का आयोजन

Sun Jan 5 , 2025
*दिव्यांगजनो ने प्रतियोगिताओ में दिखाया हुनर* ग्वालियर। राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ उप शाखा ग्वालियर, चंबल संभाग के तत्वावधान में दर्पण कालोनी स्थित मिनी स्टेडियम में दिव्यांगजनो के लिए रीडिंग राइटिंग, शुद्ध वाचन लेखन, संगीत एवं सामान्य ज्ञान जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें मुरेना, आत्म ज्योती कन्या विद्यालय, माधव अंधाश्रम, शासकीय […]

You May Like