जबलपुर: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जबलपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। गैरिसन ग्राउंड, सदर में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। समारोह में जबलपुर सहित आसपास के जिलों से लगभग 40 से 45 हजार जनजातीय समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके सहित कई मंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात से वर्चुअल संबोधन देंगे।
जनजातीय नायकों पर विशेष चित्र प्रदर्शनी
कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और महानायकों पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें गोंड, बैगा, भील, कोरकू, भारिया, कोल और सहरिया जनजातियों की झलक मिलेगी। जनजातीय उत्पाद व व्यंजन भी प्रदर्शनी का आकर्षण होंगे। इस अवसर पर पद्मश्री भज्जू श्याम, पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे, क्रिकेटर क्रांति गौंड, तीरंदाज रागिनी मार्को और सृष्टि सिंह सहित जनजातीय समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों का सम्मान किया जाएगा।
पहले रोड शो, फिर कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रोड शो में भी शामिल होंगे, जिसके बाद मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा व अन्य जननायकों के चित्र पर माल्यार्पण से करेंगे तथा हितलाभ वितरण, विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर, सिकल सेल एनीमिया पर लघु फिल्म प्रदर्शन और शालिनी एप का लोकार्पण भी होगा।
कलेक्टर- एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने 15 नवम्बर को प्रस्तावित जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गैरीसन ग्राउंड का निरीक्षण किया और विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं—जैसे मंच, पंडाल, पेयजल, प्रदर्शनी, गौरव रथ यात्रा, रोड-शो, ग्रीन रूम, अतिथियों का सम्मान और पार्किंग—की जिम्मेदारी सौंपी और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अति पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, गढ़ा यातायात डीएसपी बैजनाथ प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
