
*सौगंध के बाद भी नहीं रखा संविधान का मान-सम्मान: पाठक*
*जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली को लेकर प्रभारी ने ली बैठक*
ग्वालियर। जिस देश की बोली, भाषा, खानपान, रीति रिवाज अलग-अलग है और वह देश प्रगति कर रहा है तो उसका आधार संविधान है। इसके बावजूद हमारे देश के संविधान का मजाक बनाया गया तो यह चिंतनीय है। यह बात शहर कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे ने दक्षिण विधानसभा के हरे शिव मैरिज गार्डन में जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान रैली को लेकर आयोजित बैठक में कही। कार्यक्रम के आरंभ में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर व महात्मा गांधी की छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सुश्री कांवरे ने बताया कि संविधान निर्माता बाबा साहब के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय, विचार की अभिव्यक्ति और मौलिक अधिकारों को लेकर कांग्रेस 27 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से रैली आयोजित करेगी।
इस मौके पर सह प्रभारी एवं पूर्व विधायक मेवाराम जाटव ने कहा कि हमारे आराध्य राम हैं, मगर जीने का अधिकार बाबा साहब ने दिया है। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा कि इस देश के संविधान से छेड़छाड़ कर हक और अधिकारों को छीनने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश महासचिव प्रवीण पाठक ने कहा कि भाजपा ने संविधान की सौगंध खाने के बाद भी उसका मान और सम्मान नहीं रखा। बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया है, जिसकी प्रासंगिकता पूरे देश में है। उन्होंने देश में मोहब्बत और सामाजिक समरसता को पिरौने का काम किया है। शहर जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि संविधान सभा महामा गांधी ने बनाई और उनका उद्देश्य था कि गरीबों और पिछड़ों को आगे बढ़ाया जाए। इसके अलावा विधायक सुरेश राजे, प्रदेश सचिव रश्मि पवार, राहुल शर्मा, भिंड जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, कार्यकारी अध्यक्ष वीर सिंह तोमर मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष राजेश बाबू ने तथा आभार कार्यवाहक अध्यक्ष इब्राहिम पठान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक संगठन प्रभारी, पार्षद, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ता मौजूद थे।
