
भोपाल। रविंद्र भवन के अंजनी सभागार में जब दीप प्रज्ज्वलन के साथ घर में पधारो गजानन जी भजन की स्वर लहरियां गूंजीं, तो पूरा वातावरण भक्ति और संगीत से भर उठा। संगीतमयी शाम जहां व्यास म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी 14वीं सफल प्रस्तुति ज्योत से ज्योत जगाते चलो के माध्यम से सुरों की अनोखी श्रृंखला प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन समूह की आयोजिका और अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की राष्ट्रीय संयोजक निवेदिता व्यास ने किया। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी भोपाल के लगभग साठ गायक कलाकारों को युगल गीतों के जरिये निःशुल्क मंच प्रदान कर संगीत प्रेमियों के दिलों में जगह बनाने का प्रयास किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग मौजूद रहे। साथ ही विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह देकर किया गया।
संगीत संध्या में बेबी अलीज़ा खान, सारिका सप्रे, सलील माथुर, बसंत बाथरे, एडवोकेट राजेश वर्मा और अन्य कलाकारों ने एकल और युगल गीतों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वरिष्ठ गायिका माला उइके की आवाज़ ने सभागार में जादू बिखेर दिया। निवेदिता व्यास के गीत ज्योत से ज्योत जगाते चलो और पर्दे में रहने दो पर दर्शक झूम उठे। अंत में समूह के अध्यक्ष संजय पी एल व्यास ने सभी कलाकारों, प्रशासन और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस संगीतमय शाम ने यह साबित किया कि जब सुर और भावना एक साथ मिलते हैं, तो हर दिल में सचमुच “ज्योत से ज्योत” जल उठती है।
