उज्जैन: विलुप्त होती मालवी लोक संस्कृति के संरक्षण हेतु 19वां अखिल भारतीय संजा लोकोत्सव 7 से 14 सितंबर तक आयोजित होगा. प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था द्वारा संस्कृति मंत्रालय, आईसीसीआर, मध्यप्रदेश संस्कृति संचालनालय व पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से यह आयोजन युवाओं पर केंद्रित रहेगा. संस्था सचिव कुमार किशन ने बताया कि इस वर्ष इंडोनेशिया (बाली) का दल प्रस्तुति देगा और 10 पद्मश्री विद्वान शामिल होंगे.
लोकोत्सव में लोकगीत-नृत्य प्रतियोगिता, मांडना, कला प्रदर्शनी, लोकल फॉर वोकल कार्यशाला, पद्मश्री कलाकारों की प्रस्तुतियां और अंतरराष्ट्रीय लोकसाहित्य महोत्सव होंगे. समापन 14 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सांसद अनिल फिरोजिया की उपस्थिति में होगा. इस अवसर पर साहित्यकार सतीश दवे को प्रतिकल्पा शिखर सम्मान और पद्मश्री विद्वानों को साहित्य मनीषी एवं साहित्य गंधर्व सम्मान प्रदान किया जाएगा.
