इंदौर:कुलकर्णी का भट्टा इलाके में पुराने झगड़े को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जब उसके दोस्त ने बीच-बचाव किया, तो उसे भी चाकू लग गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.परदेशीपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुलकर्णी भट्टा में रहने वाले 25 वर्षीय आदेश ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8:45 बजे वह अपने दोस्त कपिल यादव के साथ डबल मंजिला कॉम्प्लेक्स के पास खड़ा था.
इसी दौरान बाबू उर्फ अनिल पटिया, श्रवण और संजय वहां पहुंचे और पुराने झगड़े की बात पर कपिल यादव को गालियां देने लगे. जब कपिल ने विरोध किया, तो श्रवण और संजय ने थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी. झगड़े के दौरान बाबू पटिया ने अचानक लोहे का चाकू निकालकर कपिल के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. आदेश ने जब अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, तो चाकू उसकी दाहिनी हाथ की बीच की अंगुली में लग गया और वह भी घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की.
