मुंबई, 13 नवंबर (वार्ता) ईएसपीएन क्रिकइंफो को जानकारी मिली है कि मुंबई इंडियंस (एमआई) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी ) के साथ एक ऑलकैश ट्रेड डील के तहत समझौता कर लिया है। बताया गया है कि दोनों फ़्रेंचाइज़ियों ने आईपीएल को अपनी रुचि के बारे में जानकारी दी है और जरूरी औपचारिकताओं के पूरा होते ही इस सौदे को आधिकारिक रूप से मंज़ूरी मिल जाएगी।
यह नया बदलाव दर्शाता है कि शार्दुल आईपीएल के इतिहास में एक अद्वितीय कीर्तिमान बनाने जा रहे हैं। यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा ट्रांसफर होगा। 2017 में राइज़िंग पुणे सुपरजायंट ने उन्हें किंग्स XI पंजाब (जो अब पंजाब किंग्स है) से अधिग्रहित किया था। इसके बाद 2023 के सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें दिल्ली कैपिटल्स से अपने साथ शामिल किया था। यह ध्यान देने योग्य है कि दोनों बार यह व्यापार पूरी तरह से ऑल कैश डील पर आधारित था।
ठाकुर 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे और काउंटी चैम्पियनशिप में ऐसेक्स से जुड़ने वाले थे, लेकिन एलएसजी ने उन्हें मोहसिन ख़ान के रिप्लेसमेंट के तौर पर उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में चुना था। उस समय एलएसजी के मेंटॉर ज़हीर ख़ान का यह फै़सला अच्छा निवेश साबित हुआ था। ठाकुर ने आईपीएल 2025 के शुरुआती दो मैचों में छह विकेट लिए थे। हालांकि इसके बाद उनका प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा और उन्होंने कुल दस मैचों में 13 विकेट लिए। साथ ही उनकी इकॉनमी रेट 11.02 रही।
मुम्बई इंडियंस की टीम में फिर से शामिल होना उनके लिए घर वापसी जैसा होगा। ठाकुर 2010 से 2012 तक मुंबई टीम के सपोर्ट बोलर रहे थे और घरेलू क्रिकेट में मुंबई टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।

