
छतरपुर। जिले के सरकारी जिला अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दलाल द्वारा मरीज के परिजन से 5 हजार रुपए में ब्लड बेचने का आरोप लगा है। जब यह बात मरीज की पत्नी को पता चली, तो उसने गुस्से में आकर अस्पताल के बाहर उस दलाल को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गुमटी पर ब्लड की सौदेबाजी का वीडियो वायरल
इस घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में महिला दलाल को पीटती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में अस्पताल के बाहर गुमटी के पास खुलेआम खून की डील होती दिख रही है। वीडियो में एक व्यक्ति ब्लड के लिए दलाल से बात करता है, जो 2 से 5 हजार रुपए तक की रकम मांगता है और सौदेबाजी करते हुए अंदर-बाहर के खर्च का हवाला देता है।
जांच के आदेश, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने ब्लड बैंक प्रभारी से जवाब मांगा है और जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा,अभी तक शिकायत नहीं मिली
सिटी कोतवाली प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
