बिहार विधानसभा चुनाव 2025 ने भारत के लोकतांत्रिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक परिवर्तन दर्ज किया है. कुल 66.91 फीसदी मतदान में से महिलाओं की भागीदारी 71.6 फीसदी रही, जो पुरुषों के 62.8 फीसदी मतदान से लगभग 8.8 फीसदी अधिक है. यह अंतर केवल सांख्यिकीय उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति में महिला चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है. जिस वर्ग को कभी ‘मूक मतदाता’ माना जाता था, वही आज लोकतंत्र की दिशा तय करने वाला निर्णायक वर्ग बन चुका है. इस रिकॉर्ड-तोड़ मतदान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाएं अब केवल ‘वोट बैंक’ नहीं रहीं, बल्कि वे अपने हितों, अधिकारों और सामाजिक सम्मान को केंद्र में रखकर राजनीतिक निर्णय ले रही हैं. वे अब घर के पुरुष सदस्यों के मतों का अनुसरण नहीं कर रहीं, बल्कि खुद यह तय कर रही हैं कि किस नीति और नेतृत्व से उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन आएगा. यही परिवर्तन भारतीय लोकतंत्र को परिपक्व और संवेदनशील बना रहा है. बिहार की इस महिला चेतना के पीछे सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की लंबी प्रक्रिया रही है. नीतीश कुमार सरकार की शराबबंदी नीति ने महिलाओं को घरेलू हिंसा और सामाजिक अपमान से बड़ी राहत दी. ग्रामीण स्तर पर बने स्वयं सहायता समूहों ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया. प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजनाओं ने यह भरोसा जगाया कि सरकार के लाभ सीधे उनके हाथों तक पहुंच सकते हैं. वहीं साइकिल योजना, छात्रवृत्ति, और लड़कियों की शिक्षा से जुड़ी योजनाओं ने शिक्षा और गतिशीलता का नया द्वार खोला. यह सब मिलकर उस ‘लाभार्थी राजनीति’ की सफलता को दर्शाते हैं, जिसमें नीति और जनभावना के बीच सीधा संबंध स्थापित होता है.
महिलाओं की यह भागीदारी केवल चुनावी आंकड़ा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आधार है. आज वे यह महसूस कर रही हैं कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि अपने भविष्य को आकार देने का साधन है. जिस तरह महिलाओं ने मतदान केंद्रों पर बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, वह दर्शाता है कि लोकतंत्र अब केवल राजनीतिक पुरुषत्व का नहीं, बल्कि लैंगिक समानता का भी प्रतीक बन रहा है.
इस प्रवृत्ति के राजनीतिक परिणाम दूरगामी होंगे. राजनीतिक दलों को अब यह समझना होगा कि केवल आरक्षण या प्रतीकात्मक सशक्तिकरण पर्याप्त नहीं है. महिलाओं की अपेक्षाएं अब सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे ठोस विषयों से जुड़ी हैं. आने वाले चुनाव घोषणापत्रों में इन विषयों को केंद्र में लाना ही होगा. साथ ही, महिला उम्मीदवारों की संख्या और उनकी राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की मांग भी अब पहले से कहीं अधिक मुखर होगी.बिहार का यह अनुभव यह भी दर्शाता है कि कई क्षेत्रों में ‘जेंडर’ का तत्व ‘जाति’ से अधिक निर्णायक हो सकता है. यदि महिलाएं किसी नीति या नेतृत्व के पक्ष में एकजुट होती हैं, तो वे दशकों पुराने जातीय समीकरणों को भी पलट सकती हैं. यही कारण है कि इस बार महिला मतदाताओं की पसंद 14 नवंबर को मतगणना में निर्णायक साबित हो सकती है. बिहार की यह ‘साइलेंट क्रांति’ अब भारत के लोकतंत्र की नई ध्वनि बन रही है, जहां नीति केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान की दिशा में उठाया गया कदम है. यह वही क्षण है जब भारतीय राजनीति को यह स्वीकार करना होगा कि महिला मतदाता अब केवल सहभागी नहीं, बल्कि परिवर्तन की वाहक हैं. यही वह शक्ति है जो लोकतंत्र को उसकी सबसे सुंदर परिभाषा देती है, यानी समान भागीदारी और साझा भविष्य की आशा.
