नई दिल्ली, (वार्ता) डेटा सेवा प्रदान करने वाली कंपनी जेके टेक ने प्राइवेट मार्केट असेट्स के प्रमुख डेटा इंटीग्रिटी प्लेटफ़ॉर्म इन्वेनियम के साथ मिलकर वैकल्पिक निवेश के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने के लिए आज साझेदारी की।
जेके टेक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) समीर नागपाल और इन्वेनियम के अध्यक्ष एवं सीईओ पैट्रिक ओ’मैरा ने यहां यह घोषणा करते हुये कहा कि इस साझेदारी के तहत, ब्लॉकचेन और एआई का लाभ उठाकर वैकल्पिक निवेश के लिए इन्वेनियम का नेक्स्ट जेनरेशन प्लेटफ़ॉर्म विकसित किया जाएगा ताकि दुनिया के प्राइवेट मार्केट का स्वरूप बदला जा सके। इसका उद्देश्य डेटा को अधिक पारदर्शी बनाना, ट्रांजैक्शन को व्यवस्थित करना और दुनिया भर के निवेशकों के लिए इसे अधिक मूल्यवान बनाना है। इस दिशा में दोनों कंपनियों की सम्मिलित प्रगति में जेके टेक के आईपी का इंटीग्रेशन भी शामिल है, जो स्ट्रक्चर्ड डेटा के क्षेत्र में इन्वेनियम की क्षमताओं को बेहतर बनाता है। साथ ही, इसमें प्राइवेट मार्केट के डेटा को संभालने में इन्वेनियम की काबिलियत और जेके टेक की एडवांस्ड इंजीनियरिंग क्षमताओं का लगातार उपयोग भी शामिल है। इस साझेदारी का उद्देश्य कामकाजी क्षमता को बेहतर बनाने के साथ-साथ प्राइवेट मार्केट में निवेश पर भरोसे की एक नई मिसाल कायम करना है।
श्री नागपाल ने कहा कि जेके टेक ने अपने जेनरेटिव एआई सॉल्यूशन को जीवा नाम दिया है, जिसे इस साझेदारी के तहत इन्वेनियम के प्लेटफ़ॉर्म से जोड़ा जाएगा। इस इंटीग्रेशन से संस्थागत निवेशकों के अलावा संपदा प्रबंधकों और फाइनेंस कंपनियां पहले से बेहतर ऑटोमेशन का लाभ उठाने, डेटा पर आधारित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने और समझदारी से निर्णय लेने में सक्षम होंगे। अब दोनों कंपनियां अमेरिका, अबू धाबी और भारत के प्रमुख बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए साथ मिलकर बड़ा निवेश कर रही हैं, जिससे वैकल्पिक निवेश के क्षेत्र को नया रूप देने के उनके संकल्प को और मजबूती मिल रही है। जीवा को इन्वेनियम के प्लेटफ़ॉर्म के साथ जोड़कर पहले से कहीं बड़े पैमाने पर एआई-आधारित ऑटोमेशन और डेटा इंटीग्रिटी को सक्षम बनाया जा रहा है जो वैकल्पिक निवेशों का प्रबंध करने और उसे महत्व देने के तरीके को पूरी तरह से बदल रहा है।
श्री ओ’मैरा ने कहा, “ इन्वेनियम में, हम चाहते हैं कि ब्लॉकचेन और एआई की जुगलबंदी से प्राइवेट मार्केट को एक नया स्वरूप मिले। जेके टेक के विश्व स्तरीय समाधान, यानी जीवा और डिजिटल इंजीनियरिंग में उनकी विशेषज्ञता से वैकल्पिक निवेशों के भविष्य को पारदर्शी, बड़े पैमाने पर विस्तार के योग्य और ऑटोमेटेड बनाने की हमारी क्षमता और मजबूत हुई है।”
