दुनिया में पहली बार आरडीएच तकनीक से सीमेंट डीकार्बोनाइजेशन करेगा अडानी समूह

अहमदाबाद, 12 नवंबर (वार्ता) अडानी समूह आंध्र प्रदेश स्थित अपने बोयारेड्डीपल्ली इंटीग्रेटेड सीमेंट प्लांट में सीमेंट डीकार्बोनाइजेशन के लिए कूलब्रुक की रोटोडायनामिक हीटर (आरडीएच) तकनीक का इस्तेमाल करेगा।

कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कूलब्रुक की आरडीएच तकनीक का पहली बार औद्योगिक पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। अडानी सीमेंट ने साल 2050 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है जबकि कूलब्रुक ने वैश्विक स्तर पर भारी उद्योग क्षेत्रों में 2.4 अरब टन वार्षिक सीओ2 कटौती का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आरडीएच तकनीक सीमेंट उत्पादन में सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन वाले कैल्सीनेशन के चरण को कार्बन मुक्त करेगी। इससे सालाना लगभग 60,000 टन कार्बन उत्सर्जन में सीधे तौर पर कमी आने की उम्मीद है, और आने वाले समय में इसमें 10 गुना वृद्धि की संभावना है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आरडीएच प्रणाली पूरी तरह से अडानी सीमेंट के बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो से संचालित होगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि उत्पन्न औद्योगिक ऊष्मा पूरी तरह से उत्सर्जन मुक्त हो।

अडानी समूह के सीमेंट व्यवसाय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विनोद बहेटी ने कहा, ”हमारे परिचालन में कूलब्रुक के रोटोडायनामिक हीटर की दुनिया की पहली व्यावसायिक तैनाती हमारी डीकार्बोनाइजेशन यात्रा में एक महत्वपूर्ण क्षण है। यह हमारे नेट-ज़ीरो लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक बड़ी छलांग है। हम अपने अनुसंधान एवं विकास निवेशों के साथ कूलब्रुक जैसे भागीदारों का एक मजबूत इकोसिस्टम बना रहे हैं।”

कूलब्रुक और अडानी सीमेंट ने अडानी सीमेंट के औद्योगिक परिचालन में रोटोडायनामिक प्रौद्योगिकी को लागू करने के लिए कई अन्य अवसरों की पहचान की है और अगले दो वर्षों के भीतर कम से कम पांच अतिरिक्त परियोजनाएं शुरू करने की महत्वाकांक्षा जाहिर की है।

कूलब्रुक के सीईओ जूनस राउरामो ने कहा, ”अदाणी सीमेंट के साथ दुनिया की पहली औद्योगिक-स्तरीय परियोजना में प्रवेश करना दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण सीमेंट बाजारों में से एक में एक परिवर्तनकारी कदम है। हमारा मिशन रोटोडायनामिक टेक्नोलॉजी को उन क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए एक नया उद्योग मानक बनाना है जहां कार्बन उत्सर्जन कम करना मुश्किल है। साथ मिलकर, हम सीमेंट उत्पादन के तरीके को नये सिरे से परिभाषित कर रहे हैं – अधिक स्वच्छ, अधिक कुशल और नेट जीरो भविष्य के लिए तैयार।”

 

Next Post

निर्यात क्षेत्र को मजबूत करने की 25,060 करोड़ रुपये के निर्यात संवर्धन मिशन को मंज़ूरी

Wed Nov 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने देश में निर्यात क्षेत्र की परिस्थितियों को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए 25,600 करोड़ रुपये के निर्यात संवर्धन मिशन (ईपीएम) को बुधवार मंजूरी दी। इस मिशन के अंतर्गत कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग सामान और समुद्री उत्पाद क्षेत्र को प्राथमिकता […]

You May Like