
मंडला। कान्हा नेशनल पार्क में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए बुधवार की सुबह बेहद यादगार और रोमांचक साबित हुई। मॉर्निंग सफारी के दौरान पार्क के प्रमुख कोर जोन में तीन बाघों के एक साथ दीदार ने सभी सैलानियों को रोमांचित कर दिया।
बताया गया कि सुबह की सफारी में पर्यटकों के एक समूह को पहले एक नर बाघ नजर आया। इसके कुछ ही देर बाद उसी क्षेत्र में दो मादा बाघिनों की भी उपस्थिति दर्ज की गई। इस तरह एक ही मॉर्निंग शो में कुल तीन बाघों को एक साथ देखने का यह दुर्लभ संयोग बना, जिसे पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद किया।
बुधवार की इस बंपर सफारी ने उन पर्यटकों की खुशी को दोगुना कर दिया, जो दूर-दूर से रॉयल बंगाल टाइगर को उसके प्राकृतिक आवास में देखने आए थे। बताया गया कि एक ही समय पर तीन अलग-अलग बाघों को देखना काफी असाधारण होता है और यह कान्हा के समृद्ध वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों का प्रमाण है। इस सफल सफारी के साथ ही पार्क में पर्यटकों की रुचि और उत्साह में और अधिक वृद्धि हुई है।
