इंदौर:सड़क हादसों में सिर की चोटों से होने वाली मौतों को रोकने और नागरिकों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है. शहरभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।दो दिनों से चल रहे इस अभियान में अब तक 1500 से ज्यादा चालकों पर चालान काटे गए, जो बिना हेलमेट वाहन चलाते पकड़े गए.
इनमें 35 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन पर नियम उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया. डीसीपी जोन-4 ट्रैफिक आनंद कलादगी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना है कि सड़क पर सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इस दौरान उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
