नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही इंडिया गठबंधन हताश और निराश होकर अपनी हार मान ली है।
वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार में विधान सभा चुनाव के लिये प्रचार समाप्त हो गया है। अब मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा एनडीए के साथ एक निर्णायक, प्रभावी और ऐतिहासिक विजय की ओर बढ़ रही है। वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन को हार अभी से दिखायी देने लगी है।
श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होने से पहले ही विपक्ष इतना हताश हो जाएगा, ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आज मीडिया के सामने अपनी योजनाएं गिनवा रहे हैं… इसे हताशा की पराकाष्ठा कहा जा सकता है। श्री प्रसाद ने कहा कि इसका मतलब यह हुआ कि चुनाव में हार देख राजद और कांग्रेस अभी से बहाने ढूंढने में जुट गये हैं।
श्री प्रसाद ने तेजस्वी के उस सवाल पर निशाना साधा जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कहा था कि भाजपा शसित राज्यों में ही इंडस्ट्रीज क्यों लगती है। उन्होंने कहा, ”इससे साफ हो गया है कि राहुल गांधी के संपर्क में आकर राजद नेता तेजस्वी यादव का भी वही हाल हो गया है। मैं बताना चाहता हूं कि तेजस्वी यादव भी थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए। बिहार में कई इंडस्ट्रीज लगी हैं और कई औद्योगिक घराने यहां व्यापार और पूंजी निवेश के लिये इच्छुक हैं।”
श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार में अभी तक इथेनॉल के 17 प्रोजेक्ट शुरू हो गए हैं। बिहार में टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज का एक बहुत बड़ा क्षेत्र विकसित हुआ है। इसमें बेतिया, मधुबनी, पटना, बेगूसराय जिले में टेक्सटाइल के प्रमुख रूप से निवेश किए गए हैं। बिहार बिस्किट इंडस्ट्रीज का फूड प्रोसेसिंग में बहुत बड़ा केंद्र बन गया है।
श्री प्रसाद ने कहा कि ऐसा इसलिये हो रहा है क्योंकि अब बिहार का वातावरण आतंक, अपराध और खौफ से मुक्त हो गया है। इसलिए पूंजी निवेश हुआ और निवेश करने के लिये व्यापारी और आगे आएंगे। भाजपा नेता ने कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 20 साल के बाद भी जीत रहे हैं तो इसका सबसे बड़ा कारण जनता का विश्वास।
श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार विधानसभा का यह चुनाव जंगलराज बनाम सुशासन रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी अपने पिता की भ्रष्टाचार, कुशासन और खौफ की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। श्री प्रसाद ने कहा कि जनता सब समझती है इसलिये जनता इस बार भी इंडिया गठबंधन को मौका नहीं देने वाली है।
श्री प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये कहा कि लोग समझ चुके हैं कि वह राजनीतिक पर्यटक हैं। उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने एसआईआर का मुद्दा उठाया, लेकिन यह कोई मुद्दा नहीं बन पाया।

