बिहार में अब घर-घर गुहार… कल दिग्गजों की परीक्षा

23 घंटे बाद होना है मतदान

पटना।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनावी शोर थम गया है। आज राजनेता घर-घर गुहार लगा रहे हैं। अल सुबह से ही कई प्रत्याशी इस मुहिम पर निकल पड़े हैं। 11 नवंबर को 122 सीटों पर होने वाला मतदान राज्य की राजनीतिक दिशा तय करेगा। इस महत्वपूर्ण चरण में 1302 उम्मीदवारों में महिला 136 एवं 1165 पुरुष प्रत्याशी हैं। 14 नवंबर को चुनावी परिणाम सामने आएगा। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी, जिसमें रिकॉर्ड 65 फीसदी मतदान हुआ था।
16 मंत्री मैदान में, मुकाबला दिलचस्प
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 16 मंत्री मैदान में हैं, जो NDA और महागठबंधन के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। दूसरे चरण की वोटिंग में कई बड़े राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव इस चरण में चुनाव लड़ रहे हैं। NDA के प्रमुख चेहरे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मैदान में हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के 16 मंत्री (जिनमें उप-मुख्यमंत्री भी शामिल हैं) इस चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इनकी किस्मत दांव पर
प्रमुख सीटों में तेजस्वी यादव की राघोपुर, जदयू मंत्री सुमित कुमार सिंह की चकई, भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह की जमुई, जदयू मंत्री लेशी सिंह की धमदाहा और भाजपा मंत्री नीरज कुमार सिंह की छातापुर शामिल हैं।
दूसरे चरण में इन जिलों में होगा मतदान
दूसरे चरण में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर, नवादा और रोहतास जिलों में मतदान होगा।
3,70,13,556 मतदाता
दूसरे चरण में 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दूसरे चरण में 1302 प्रत्याशियों में से 122 प्रतिनिधि निर्वाचित किए जाएंगे।
भागलपुर सबसे छोटा
दूसरे चरण में क्षेत्रफल में सबसे छोटा भागलपुर विधानसभा क्षेत्र (23.887 वर्ग किमी) है।
चैनपुर सबसे बड़ा
सबसे बड़ा चैनपुर (1814.15 वर्ग किमी) वाला विधानसभा है। इसी तरह से सबसे कम 247574 मतदाता मखदुमपुर में हैं तो सबसे अधिक 367667 मतदाता हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में हैं।
45,399 बूथ
दूसरे चरण में कुल 45,399 बूथ स्थापित किए गए हैं, जिसमें 40073 ग्रामीण और 5326 शहरी क्षेत्रों में हैं। दूसरे चरण में 595 बूथ महिलाओं द्वारा तो 91 बूथ दिव्यांग जन संभालेंगे। दूसरे चरण में 316 माडल बूथ बनाए गए हैं। औसतन हर बूथ पर 815 मतदाता है।
316 आदर्श मतदान केंद्र
दूसरे चरण में 316 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 63 हजार 373 सेवा मतदाता दूसरे चरण में चिह्नित किए गए हैं। 100 वर्ष से अधिक आयु के 6,255 दूसरे चरण में मतदान करेंगे।
किले में तब्दील 20 जिले
दूसरे चरण में वोटिंग को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की टीम और सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार कहते हैं विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह से पुख्ता कर दिए गए हैं। पहले चरण की तुलना में इस बार सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी की गई है। सभी जिलों में सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है।
नेपाल सीमा पर खतरा ज्यादा
कई जिले अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से सटे हैं, जिसके चलते अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा को शनिवार से पूरी तरह सील कर दिया गया है।
यूपी-झारखंड सीमा पर नजर
वहीं, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की सीमाओं से लगे जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अंतरराज्यीय सीमाएं रविवार शाम को बंद कर दी।
सुरक्षा बलों की 1650 कंपनियां तैनात
दूसरे चरण में केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 1,650 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त राज्य पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां भी प्रत्येक जिले में भेजी गई हैं ताकि हर मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

.....

Next Post

आधी रात को रहस्यमय ढंग से किशोरी घर से गायब

Mon Nov 10 , 2025
जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत संजय नगर निवासी एक किशोरी आधी रात को रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। सुबह जब पिता की नींद खुली तो बेटी नहीं मिली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक संजय नगर निवासी एक युवक ने रिपोर्ट […]

You May Like