मुंबई, 09 नवंबर (वार्ता) प्रसिद्ध इंटीरियर डिजाइनर एवं बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने अपनी मां जरीन खान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सुजैन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी मां जरीन को ‘सबसे अच्छी दोस्त, ईश्वर और जीवन’ के रूप में याद किया। उन्होंने अपने भावपूर्ण संदेश में अपनी मां के अटूट प्रेम और उनकी सीख को याद किया। उन्होंने लिखा, “मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरे ईश्वर, मेरी जिंदगी… हमारी खूबसूरत मां… आप हमेशा हमारी मार्गदर्शक रहेंगी।”
जरीन खान के परिवार में उनके पति वरिष्ठ अभिनेता संजय खान और उनके चार बच्चे- सुजैन, सिमोन, फराह अली खान और जायेद खान हैं।
सुजैन की बहन फराह अली खान ने भी सोशल मीडिया पर अपनी दिवंगत मां को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कीं।
जरीन का 7 नवंबर को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
उल्लेखनीय है कि जरीन और संजय खान ने इसी साल अप्रैल में अपनी 59वीं शादी की सालगिरह मनाई। अपनी शालीनता, उदारता और परिवार के प्रति समर्पण के लिए याद की जाने वालीं जरीन खान प्रेम की एक ऐसी विरासत छोड़ गई हैं जो उन्हें जानने वालों को प्रेरित करती रहेगी।
