रायसेन: कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अस्पताल स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। कलेक्टर ने सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व विनम्र व्यवहार रखें, ताकि मरीज सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कर सकें और संतुष्ट होकर अस्पताल से लौटें।
बैठक में हाई-रिस्क डिलीवरी, सफाई व्यवस्था, स्टाफ की कमी, मरीजों के प्रति व्यवहार और बेहतर इलाज जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्टाफ से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। डॉक्टरों और कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पर आवास सुविधा की कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर कलेक्टर ने उचित समाधान का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए और जिला अस्पताल में ही यथासंभव इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समय पालन और व्यवहार सुधार पर भी जोर दिया।कलेक्टर विश्वकर्मा इन दिनों रायसेन जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के अभियान पर भी विशेष रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों को कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
