
जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय की 9 वीं कक्षा में पढऩे वाली दो छात्राओं की भदभदा वॉटर फॉल में डूबने से हुई मौत के मामले में पुलिस हत्या और हादसे एंगल पर जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने से लेकर संदेहियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। गुरूवार को पीएम के बाद जब दोनों बच्चियों के शव उनके घर पहुंचे तो परिजनों में चीत्कार मच गई। परिजन शव से लिपटकर रोते बिलखते रहे। नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
विदित हो कि रांझी मानेगांव बुद्धू कच्छी का बाड़ा निवासी 14 वर्ष देवांशी कोरी एवं श्रुति यादव 14 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्राएं थीं और दोनों केंद्रीय विद्यालय खमरिया अध्यनरत थी। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे दोनों अपनी दो अन्य सहेलियों प्रतिज्ञा ठाकुर, आयुषी सोनवारे के साथ प्रोजेक्ट बनाने एवं स्कूल जाने का कहते हुए घरों से निकल गई थी। इसके बाद चारों सहेलियां पिकनिक मनाने भदभदा वाटर फॉल गई थी जहां गहरे पानी में जाने से देवांशी और श्रुति डूब गई थी। इसके बाद प्रतिज्ञा और आयुषी वापिस लौट आई थी और परिजनों को हादसे के बारे में कुछ नहीं बताया था। देवांशी और श्रुति जब घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने थाने पहुंंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सहेलियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि दोनों सहेलियां डूब गई है डर के कारण उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया था। बुधवार दोपहर श्रुति यादव व देवांशी शव नदी के बीच पत्थरों के बीच से बरामद किए गए थे। इस मामले में परिजनों ने शक जाहिर किया है कि उनकी बेटियों की धक्का दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रांझी सीएसपी सतीष कुमार सहाू ने बताया कि आरोपो की जांच चल रही है। साथ ही वॉटर फॉल के पास हादसे के समय कौन कौन मौजूद था उन्हें चिन्हित किया जा रहा है इसके साथ ही सीसीटीव्ही फुटेज भी खंगाले जा रहे है। पुलिस संदेहियों से भी पूछताछ कर रही है।
