

इंदौर. रेवती रेंज इलाके में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया, यहां बारिश से भरे गड्ढे में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत हो गई. बाणगंगा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले. यह घटना फिर से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है. जिससे आस पास के लोगों में आक्रोश है.
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही हैं, मजदूरी करने वाले परिवारों से ताल्लुक रखने वाले 14 वर्षीय शिवराज तंवर और प्रिंस दीवाना अपने दोस्तों के साथ गड्ढे में नहा रहे थे. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए. दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए. स्थानीय रहवासियों का कहना है कि रेवती रेंज में हर साल बच्चों के डूबने की घटनाएं होती हैं. सुरक्षा इंतजाम की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया. घटना पटेल नगर कॉलोनी से रेवती रेंज पहाड़ी करीब आधा किलोमीटर दूर है. लोगों ने बताया कि शिवराज और प्रिंस अपने दोनों दोस्तों के साथ बारिश शुरु होते ही वहां नहाने चले गए थे, लोगों का कहना है कि उन्हें पानी की गहराई का पता नहीं था. इससे दोनों गहरे पानी में डूब गए. उनके डूबने के करीब आधा घंटे बाद उनके अन्य साथी रोहित ने कॉलोनी में पहुंच कर परिजनों को इसकी जानकारी दी. आस पास के लोगों का कहना है कि हादसा प्रशासन की इस लापरवाही का परिणाम है. मामले में एसीपी रूबीना मिजवानी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यहां तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में मासूमों की जान पर संकट न आए.
