इंदौर: शहर में शनिवार को प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक तस्वीर और स्लोगन दीवारों पर छाप दिए गए. इसका खुलासा सुबह की सैर पर निकले एमआईसी सदस्य के देखने पर हुआ है. उन्होंने तत्काल पुलिस, क्षेत्रीय विधायक और नगर निगम अधिकारियों को इसकी सूचना दी. साथ ही पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की.शुक्रवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने यशवंत क्लब की दीवार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अदाणी एवं अंबानी के साथ आपत्ति जनक तस्वीर छाप दी. इसके साथ ही दीवार पर ईट द रीच और फ्री द प्रेस के स्लोगन भी छपे पाए गए.
यशवंत क्लब की दीवार पर उक्त आपत्तिजनक तस्वीर और स्लोगन छपे होने का मामला सामने तब आया, जब नगर निगम एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने सुबह की सैर करने के दौरान देखा. पहाड़िया ने तत्काल पुलिस, क्षेत्रीय विधायक और नगर निगम अधिकारियों को उक्त कृत्य की सूचना दी. पहाड़िया ने तुरंत नगर निगम के अधिकारियों से पेंट की डब्बी बुलवाकर आपत्तिजनक तस्वीर और स्लोगन मिटाए. साथ पुलिस से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर निगाह रखे और कठोर कार्रवाई करें. पहाड़िया ने आपत्तिजनक तस्वीर हटाने के पूर्व पंडित से पूजापाठ करवा कर छपी तस्वीर पर पेंट पुताई की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दीवार पर आपत्तिजनक सामग्री लिखने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
ऐसी हरकत स्वीकार नहीं
पार्षद पहाड़िया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का गौरव हैं और इस तरह की हरकत स्वीकार नहीं की जा सकती. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
