
ग्वालियर। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस अड्डा) से बसों का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है। प्रथम चरण में यहां से भिण्ड व मुरैना की ओर जाने वाली बसों का संचालन शुरू कराया जायेगा। यह जानकारी कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में आयोजित बस ऑपरेटर्स की बैठक में दी। अधिकारियों का कहना है कि ग्वालियर में एयर टर्मिनल की तर्ज पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित अंतर्राज्यीय बस अड्डा बनकर तैयार हुआ है। सबकी सामूहिक जवाबदेही है, इसका लाभ नागरिकों को मिले।
वैसे तो लंबे समय से बस सेवा शुरू होने का इंतजार हो रहा था लेकिन इस बार उम्मीद है कि शायद यह फाइनल डेट आ चुकी है और सभी बस ऑपरेटर्स प्रशासन द्वारा तय की गई तारीख 10 नवम्बर से बसों का संचालन आईएसबीटी से शुरू करेंगे। बस ऑपरेटर्स ने आईएसबीटी से बसों का संचालन शुरू करने में पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ संघ प्रिय भी मौजूद थे।
कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी बस ऑपरेटर्स को आश्वस्त किया कि आप सबकी समस्याओं के समाधान व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जायेगा। साथ ही जरूरत होने पर आईएसबीटी शुरू होने के 15 दिन बाद फिर से समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि वर्तमान बस स्टेण्ड, गोला का मंदिर व बहोड़ापुर इत्यादि क्षेत्र से 10 नवम्बर से भिण्ड व मुरैना के लिये कोई भी बस संचालित नहीं की जा सकेगी। इन दोनों शहरों के लिये सभी परमिटशुदा बसें 10 नवम्बर से आईएसबीटी से ही संचालित करनी होंगीं। संभाग आयुक्त द्वारा बसों के परमिट भिण्ड मुरैना से आईएसबीटी तक कर दिए गए हैं।
