केंद्रीय जेल का वीडियो हुआ वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

इंदौर. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने शहर की सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ‘जिद्दी बाबू’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो में जेल के अंदर का दृश्य दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 29 अक्टूबर का है, जिसमें जेल परिसर और कैदी स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, पहले राजकुमार ब्रिज के पास स्थित टंकी से जेल परिसर का कुछ हिस्सा दिखता था, जिसे सुरक्षा कारणों से हटा दिया था. अब बदमाशों ने नजर डालने के नए तरीके खोज लिए हैं और जेल से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने तक की हिम्मत कर रहे हैं. जेल अधिकारी मनोज नागर ने बताया कि जेल से संबंधित पुराने नियम उस समय के हैं, जब मोबाइल फोन का चलन नहीं था, इसलिए वीडियो बनाकर साझा करने को लेकर स्पष्ट प्रावधान नहीं है. उन्होंने कहा कि अब लोग ड्रोन और अन्य तकनीक से वीडियो बना रहे हैं, जिससे सुरक्षा पर नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं.

 

वास्तविकता और मंशा पता चलते ही कार्रवाई की जाएगी

वहीं, जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है कि यह वास्तव में सेंट्रल जेल का ही है या नहीं. उन्होंने कहा कि किसी भी जेल के अंदर इस तरह से वीडियो बनाना और उसे सार्वजनिक करना गलत है. वीडियो की वास्तविकता और इसके पीछे की मंशा पता चलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सोनकर ने यह भी बताया कि इस मामले में थाना स्तर पर आवेदन दिया जा रहा है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि ऐसे वीडियो शेयर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सीधे पुलिस को दें. प्रशासन ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पुनःसमीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Next Post

आइल फैक्टरी में भीषण आग, ड्रायवर और फायर फाइटर झुलसे

Fri Nov 7 , 2025
इंदौर. पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की सेक्टर-3 स्थित शिवम इंडस्ट्रीज आइल फैक्टरी में देर रात भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया. फैक्टरी से उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को […]

You May Like