आइल फैक्टरी में भीषण आग, ड्रायवर और फायर फाइटर झुलसे

इंदौर. पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की सेक्टर-3 स्थित शिवम इंडस्ट्रीज आइल फैक्टरी में देर रात भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया. फैक्टरी से उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी.

जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय फैक्टरी परिसर में आइल से भरा टैंकर भी मौजूद था, जिसे समय रहते हटा लिया गया. आग बुझाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया और करीब दो बजे रात तक लगातार प्रयासों के बाद लपटों पर काबू पाया जा सका. घटना में टैंकर ड्रायवर मनोज झा और फायर फाइटर दिलीप सिंह यादव झुलस गए. मनोज को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उन्हें इंदौर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया.फायर फाइटर की हालत स्थिर बताई जा रही है. हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीएम राहुल गुप्ता, तहसीलदार शिवानी श्रीवास्तव, नगर पालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला और थाना प्रभारी सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे. प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.

Next Post

शहर में तीन दिन से घायल हालत में भटक रहा था बंदर

Fri Nov 7 , 2025
इंदौर. शिवाजी वाटिका से व्हाइट चर्च के बीच बीते तीन दिनों से घायल हालत में घूम रहे बंदर को आखिरकार वन विभाग की टीम ने देर रात रेस्क्यू कर लिया. स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों की शिकायतों के बावजूद विभाग की टीम मौके पर देर से पहुंची, जिसके बाद शुक्रवार […]

You May Like