
भोपाल: बीएचईएल भोपाल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत बुधवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जीएसटी इंटेलिजेंस निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक राजेन्द्र कुमार मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक एवं यूनिट हेड प्रदीप कुमार उपाध्याय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में महाप्रबंधक, डीआरओएस तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस वर्ष का विषय “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” रहा, जिसका उद्देश्य पारदर्शिता को बढ़ावा देने में सामूहिक भूमिका पर जोर देना था। अपने संबोधन में मीणा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सत्यनिष्ठा और अंतरात्मा के मार्ग का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “ऊर्जा और बुद्धिमत्ता से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी है।”
उपाध्याय ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह या अवसर विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार और कार्य प्रणाली में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से प्रत्येक कार्य में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरतने की अपील की।
सतर्कता विभाग प्रमुख समीर दास ने अपने स्वागत भाषण में सप्ताह भर आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी, जिसमें विक्रम हायर सेकेंडरी स्कूल पिपलानी, जवाहरलाल नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल हबीबगंज और कस्तूरबा नर्सिंग कॉलेज में छात्रों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाना शामिल था।
कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार रॉय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन बृज नंदन चौधरी ने दिया।
