मिस्र के पूर्व मंत्री खालिद अल-एनानी यूनेस्को के महानिदेशक नियुक्त

ताशकंद, 06 नवंबर (वार्ता) मिस्र के पूर्व पर्यटन मंत्री खालिद अल-एनानी को संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित 43वें यूनेस्को महाधिवेशन के दौरान गुरुवार को श्री अल-एनानी की नियुक्ति की घोषणा की गई।गत 30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अधिवेशन 13 नवंबर तक चलेगा। इस अधिवेशन में संगठन की भविष्य की प्राथमिकताएं निर्धारित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अपने एजेंडे के तहत गुरुवार को आयोजित अधिवेशन में नए महानिदेशक के रूप में अल-एनानी के नामांकन की समीक्षा की गई और मतदान द्वारा उनके चुनाव की पुष्टि की गई।
श्री अल-एनानी ने अपने चुनाव के बाद यूनेस्को के इतिहास में एक नए अध्याय के निर्माण के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित किया तथा शांति को बढ़ावा देने, एकता को मजबूत करने और लोगों में उम्मीद की किरणों को जगाने के प्रयासों का आह्वान किया।
वर्ष 1971 में जन्मे श्री अल-एनानी ने अपने करियर की शुरुआत एक टूर गाइड के रूप में की थी। वर्तमान में वह मिस्र के हेलवान विश्वविद्यालय में मिस्र विज्ञान के प्रोफेसर हैं, जहां उन्होंने तीन दशकों से भी अधिक समय तक पढ़ाया है। वर्ष 1945 में यूनेस्को की स्थापना के बाद से वह इसका नेतृत्व करने वाले पहले अरब और दूसरे अफ्रीकी व्यक्ति हैं।

Next Post

यूनान स्थित अतातुर्क संग्रहालय सोमवार से फिर से दर्शकों के लिए खुल जाएगा

Thu Nov 6 , 2025
थेसालोनिकी (यूनान), 06 नवंबर (वार्ता) थेसालोनिकी स्थित तुर्किये के महावाणिज्य दूतावास ने घोषणा की है कि शहर के ऐतिहासिक अतातुर्क हाउस संग्रहालय 10 नवंबर को आगंतुकों के लिए फिर से खुल जाएगा। गौरतलब है कि इसी शहर में तुर्किये गणराज्य के संस्थापक मुस्तफा कमाल अतातुर्क का जन्म हुआ था। तुर्किये […]

You May Like