
छतरपुर। नगर में स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंद्रनगर में पदस्थ एक महिला शिक्षिका द्वारा की गई शिकायत पर शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य को पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ए.एस. पांडे द्वारा बुधवार दोपहर लगभग 11:30 बजे की गई पुष्टि के बाद सामने आई है।
डीईओ ए.एस. पांडे ने बताया कि महिला शिक्षिका ने विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के व्यवहार एवं कार्यप्रणाली को लेकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है, जो मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी।
जांच प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभारी प्राचार्य का दायित्व अवधेश कुमार शुक्ला को सौंपा गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष, तथ्यों पर आधारित और समयबद्ध रूप से की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई से विद्यालय और स्थानीय शिक्षा समुदाय में चर्चा का माहौल है। कई शिक्षक इसे शिक्षक हित और कार्यस्थल सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं।
