
इंदौर. पुलिस की एंटी-ड्रग्स मुहिम के तहत लसूडिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो शहर में एमडी ड्रग की सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा बनकर सक्रिय था. आरोपी से 10.34 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है.
डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी विजयनगर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लसूडिया ने एक विशेष टीम गठित की. टीम को सूचना मिली थी कि खजराना निवासी साजिद खान नामक युवक महालक्ष्मी नगर, खालसा चौक और निरंजनपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में एमडी ड्रग की तस्करी में सक्रिय है. मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस ने देर रात निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास दबिश दी और आरोपी 19 वर्षीय साजिद खान पिता रफीक खान, निवासी जल्ला कॉलोनी, खजराना को पकड़ा. आरोपी के कब्जे से 10.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग, एक काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा है. लसूडिया पुलिस अब आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है. पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है जो शहर के विभिन्न इलाकों में एमडी ड्रग की सप्लाई करता है.
