बिहार में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का काम जोरों पर, 7.38 करोड़ गणना फार्म वितरित: आयोग

नयी दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) चुनाव आयोग ने शनिवार को कहा कि बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का काम जोरों पर है और इसके अंतर्गत 7.38 करोड़ मतदाताओं को गणना फार्म दिये जा चुके हैं और चुनाव अधिकारियों ने 1.04 करोड़ गणना फॉर्म एकत्र कर लिये हैं। एकत्र फार्म की संख्या कुल मतदाताओं की 13.19 प्रतिशत है।

आयोग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि लगभग 94 प्रतिशत मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किये जा चुके हैं, जिन्हें कर पुनरीक्षण के लिए अधिकारियों के पास जमा कराया जाना है। विज्ञप्ति में कहा गया है, “ आज (शनिवार) शाम छह बजे तक 1,04,16, 545 गणना फॉर्म प्राप्त हुये हैं, जो 24 जून, 2025 तक बिहार में कुल 7,89,69,844 (लगभग 7.90 करोड़) मतदाताओं की संख्या का 13.19 प्रतिशत है। वितरित किये गये फॉर्मों का काम भी बढ़कर 93.57 प्रतिशत तक पहुंच गया है और अब तक 7,38,89,333 फॉर्म वितरित किये जा चुके हैं। ”

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “ सभी के सहयोग से और पूरी पारदर्शिता के साथ, बिहार की मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण तय समय सीमा में ही पूर्ण किया जायेगा। ”

आयोग ने कहा है कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजर, सभी चुनाव अधिकारी, राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए और स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम कर यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाये। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 77,895 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को उनके गणना फॉर्म भरने और उन्हें एकत्र करने में मदद कर रहे हैं।

बहुत से मामलों में, बीएलओ मतदाताओं की लाइव तस्वीरें ले रहे हैं और उन्हें अपलोड कर रहे हैं, जिससे मतदाता को अपनी तस्वीरें क्लिक करने की परेशानी से बचा जा रहा है। आंशिक रूप से भरे गये फॉर्म आयोग के पोर्टल वोटरर्स .ईसीआई.जीओवी.इन के साथ-साथ ईसीआईनेट ऐप पर भी डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं और भरे हुए फॉर्म को मतदाता स्वयं इसीआईनेट ऐप पर अपलोड कर सकते हैं।

आयोग ने कहा है कि प्रक्रिया को सुचारू और समय पर पूरा करने के लिए 20,603 बीएलओ, लगभग चार लाख स्वयंसेवक, 239 मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), 963 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), 38 जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) और राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मतदाताओं को उनके फॉर्म जमा करने में सुविधा प्रदान करने के लिए जमीनी स्तर पर मौजूद हैं। इस काम में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 1,54,977 बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) भी लोगों को सक्रिय सहायता प्रदान कर रहे हैं।

 

Next Post

शिवपुरी में बारिश का कहर, 6 मौतें, सभी नदियां उफान पर

Sat Jul 5 , 2025
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में लगातार और तेज बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश से शिवपुरी जिले के कई गांवो में पानी भर गया है। बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है जिससे जनहानि होने की खबरें भी मिल रही है। शिवपुरी जिले में […]

You May Like