
नई दिल्ली, 04 नवम्बर 2025: अमेरिका में एक महीने से अधिक समय से जारी सरकारी शटडाउन का असर अब हवाई अड्डों पर स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। कर्मचारियों की कमी के कारण उड़ानों में विलंब और सुरक्षा जाँच की लंबी लाइनें बढ़ती जा रही हैं। सोमवार दोपहर तक देश भर में 2,530 से ज़्यादा उड़ानें देरी से चल रही थीं और 60 से अधिक रद्द करनी पड़ी थीं। यात्रियों को सिक्योरिटी लाइन में तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है।
शटडाउन के कारण हवाई यातायात नियंत्रक (Air Traffic Controller) भी बिना वेतन के काम करने पर मजबूर हैं। परिवहन सचिव शॉन डफी ने चेतावनी दी है कि इन कर्मचारियों पर वित्तीय बोझ बढ़ रहा है, और यदि यही स्थिति जारी रही तो कई लोग नौकरी छोड़ने पर मजबूर हो जाएँगे। उन्होंने बताया कि देश में पहले से ही लगभग 2,000 से 3,000 नियंत्रकों की कमी है। यातायात विभाग ने आगे और उड़ानें देर से चलने या रद्द होने की चेतावनी भी दी है।
शटडाउन की स्थिति को लेकर अमेरिका में राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। सोमवार को व्हाइट हाउस ने इसके लिए डेमोक्रेट नेताओं को जिम्मेदार ठहराया, जबकि डेमोक्रेट दल ने इन आरोपों को गलत बताया है। रिपब्लिकन दल डेमोक्रेट पर गैरकानूनी प्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग करने का आरोप लगा रहा है, जिसे डेमोक्रेट्स खारिज कर रहे हैं। शटडाउन कब खत्म होगा, यह तय नहीं है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
