
जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जबलपुर महानगर द्वारा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की परीक्षा के प्रश्न पत्र पर रानी दुर्गावती जी के लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग करने के विरोध में प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया।
अभाविप के प्रदेश मंत्री माखन शर्मा ने बताया की परीक्षा में रानी दुर्गावती के लिए ‘मकबरा’ शब्द का उपयोग किया गया, जो न केवल ऐतिहासिक रूप से गलत है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक भावनाओं के भी विरुद्ध है। रानी दुर्गावती एक हिन्दू वीरांगना थीं, हिन्दू परंपरा में ‘मकबरा’ नहीं होता एवं इस प्रकार का कृत्य वीरांगना रानी का घोर अपमान है। इस प्रकार की लापरवाही एवं त्रुटि करने पर कार्यवाही की जाए व परीक्षा नियंत्रक को पद से मुक्त किया जाए ।
महानगर मंत्री ऐश्वर्य सोनकर ने मांग रखी कि इस त्रुटि को अक्षम्य अपराध मानते हुए संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करे, वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान हमारी पहचान है, उनका अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश मंत्री माखन शर्मा , महानगर मंत्री ऐश्वर्य सोनकर, प्रदेश सह मंत्री आर्यन पुंज, महाविद्यालय प्रमुख तनिष्क राज सिंह, अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
