इंदौर: शहर के एबी रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज शुरू होने में एक महीने का समय ओर लगेगा. उक्त ब्रिज पर रेती मंडी की तरफ तीसरी भुजा को जोड़ने वाला हिस्सा अधूरा पड़ा है, जिसका काम बहुत धीमा चल रहा है.काम धीमा चलने से फरवरी में सीधी भुजा शुरू करने का पीडब्ल्यूडी ने जो दावा किया था, चार माह बाद भी पुल से आवागमन शुरू नहीं हो सका है. वहीं रेल विभाग द्वारा पटरी वाले हिस्से का काम अब शुरू किया है और तीसरी भुजा दिसंबर तक पूरी होकर खुल जाए तो बड़ी बात है.
पीडब्ल्यूडी द्वारा राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर ब्रिज पर से यातायात फरवरी तक शुरू होने का दावा किया गया था, लेकिन अब ब्रिज से यातायात जून महीने में भी शुरू हो जाए तो बड़ी बात है. ब्रिज का एबी रोड वाले सीधे हिस्से का काम पूरा हो चुका है, लेकिन राजेंद्र नगर तरफ जाने वाले हिस्से को जोड़ने का काम बहुत धीमा चल रहा है. काम इतना धीमा है कि पीडब्ल्यूडी ने एक माह पहले 15 मई तक सीधा यातायात शुरू करने का दावा किया था. वर्तमान में स्थिति यह है कि ब्रिज का राजेंद्र नगर वाला हिस्सा जोड़ने का काम आज तक हुआ ही नहीं है.
यह बात अलग है कि राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज की तीसरी भुजा अभी शुरू नहीं होगी, क्योंकि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग द्वारा उक्त हिस्से का निर्माण किया जाता है. उक्त काम रेल विभाग द्वारा अब शुरू किया है. पीडब्ल्यूडी ने उक्त ब्रिज अप्रैल 2022 में काम शुरू किया था, जिसको निर्माण कार्य को चार साल बीत चुके है. ब्रिज का काम 18 महीने में ही पूरा करने का समय तय था. पीडब्ल्यूडी ने ठेकदार एजेंसी पर दबाव बनाकर निर्माण कार्य में गति बढ़ाने का दावा किया गया था, लेकिन ब्रिज का पूरा काम होने में छह माह का समय ओर लगने की संभावना है. अब अगले एक में बारिश शुरू हो जाएगी और तब तक उक्त फ्लाई ओवर निर्माण के कारण यातायात का ब्लैक स्पॉट बना रहेगा.
ढाई साल से ज्यादा लग चुके
फिलहाल पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण में करीब ढाई साल ज्यादा लग चुके है और छह महीने ओर लगने संभावना है. देखा जाए तो डेढ़ साल में बनने वाला ब्रिज 4.5 साल में पूरा हो जाए तो भी बड़ी बात होगी. उक्त ब्रिज का ठेका मेसर्स रामप्रकाश गुप्ता कंस्ट्रक्शन को दिया है. 920 मीटर लंबा और फोर लेन चौड़ा है. उक्त ब्रिज की निर्माण लागत 29 करोड़ रुपए है. उक्त की दो भुजा एबी रोड पर और एक भुजा राजेंद्र नगर पर उतरेगी. उक्त विषय को लेकर वर्तमान स्थिति के जानकारी लेने के लिए पीडब्ल्यूडी एसडीओ और ब्रिज प्रभारी कार्यपालन यंत्री को कॉल किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.
