
नागपुर। केन्द्रीय सतर्कता आयोग के मार्गदर्शन में महारत्न कंपनी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के क्षेत्रीय मुख्यालय, पश्चिमी क्षेत्र–1, नागपुर में “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी / Vigilance: Our Shared Responsibility” थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का आयोजन 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक किया गया।
इस अवधि में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा और मध्यप्रदेश (सिवनी) सहित पश्चिमी क्षेत्र-1 के 36 उपकेंद्रों/कार्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं, ग्राम सभाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भ्रष्टाचार निवारण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ईमानदारी और पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सप्ताह का समापन समारोह 3 नवंबर 2025 को क्षेत्रीय मुख्यालय, नागपुर सहित सभी केंद्रों पर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त जस्टिस ज़ेड. ए. हक उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी से सजग व जिम्मेदार बने रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रजनीश तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक (परिसम्पत्ति प्रबंधन), पावरग्रिड पश्चिमी क्षेत्र-1 ने की। इस अवसर पर सतर्कता विभाग के प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक एम. श्रीनिवास राव ने सप्ताह भर चली गतिविधियों की जानकारी दी।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जस्टिस ज़ेड. ए. हक और रजनीश तिवारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। समारोह में सभी विभाग प्रमुखों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
