सहकारी समितियों से किसानों को जोड़ेंगे: महेन्द्र

सिंगरौली :मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हरिया में आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने अभियान के महत्व की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह अभिनव पहल दूरस्थ अंचलों में निवासरत नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शासन के 36 विभागों के अधिकारी पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान निश्चित रूप से आमजन के जीवन में खुशहाली लाने में सफल होगा। इसके पश्चात महेंद्र सिंह यादव ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सिंगरौली शाखा में आयोजित सदस्यता अभियान एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, रमापति जायसवाल, सीमा जायसवाल, जिपं सीईओ जगदीश गोमे सहित अन्य मौजूद रहे।
सदस्यता अभियान को समिति स्तर तक पहुंचाएंगे
शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहकारी समितियों से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए 20 अप्रैल से सदस्यता महाअभियान प्रारंभ किया गया है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के संभागीय स्तर पर भ्रमण के बाद सिंगरौली जिले से जिला स्तरीय सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति प्रबंधक सहकारी आंदोलन की रीढ़ हैं। वे शासन और किसानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। प्रत्येक समिति प्रबंधक की जिम्मेदारी है कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रत्येक किसान को सहकारी समितियों से जोड़ा जाए। इसके लिए मधुर व्यवहार एवं सकारात्मक कार्यप्रणाली के माध्यम से किसानों को प्रेरित करना आवश्यक है।
किसानों एवं समिति पदाधिकारियों से संवाद करेंगे
श्री यादव ने सिंगरौली जिले में सदस्यता अभियान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही वे समिति स्तर तक पहुंचकर किसानों एवं समिति पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में रबी एवं खरीफ फसलों के लिए किसानों को छ: माह की अवधि के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाता था, जिससे किसानों को व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अब ऋण चुकाने की अवधि एक वर्ष कर दी गई है। किसान अब तीन लाख रुपये तक का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर लेकर एक वर्ष में जमा कर अगले वर्ष पुन: ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

Next Post

राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से मिली स्वीकृति, पथरिया विधानसभा की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Fri Aug 7 , 2026
नवभारत,पथरिया/दमोह:पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान कर दी गई है। इससे अब विद्यार्थियों को कृषि विषय की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा और […]

You May Like