नवभारत,पथरिया/दमोह:पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान कर दी गई है। इससे अब विद्यार्थियों को कृषि विषय की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय विद्यालय पथरिया,खडेरी, असलाना एवं बेलापुरवा में कृषि संकाय प्रारंभ किए जाएंगे।क्षेत्रवासियों एवं विद्यार्थियों द्वारा लंबे समय से कृषि शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी, जिसे अब शासन ने पूरा किया है।
इस निर्णय के पीछे आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पथरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व कृषि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर लगातार पहल की, जिसके परिणामस्वरूप इन विद्यालयों में कृषि संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति प्राप्त हुई। कृषि संकाय के प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान, आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि आधारित रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त होगी। मंत्री लखन पटेल शिक्षा के क्षेत्र में कई संस्थाओं के लिए प्रयासरत हैं,13-13 करोड़ की लागत से पथरिया और बटियागढ़ में नई आईटीआई भवन भी शीघ्र प्रारंभ होंगे।
