
नई दिल्ली, 03 नवम्बर 2025: भारत में सड़कों का नेटवर्क 63 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की कुल लंबाई 1,46,342 किलोमीटर है। यह आंकड़ा मार्च 2014 की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, जब राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 91,287 किलोमीटर थी। इस लिहाज से, पिछले एक दशक में नेशनल हाईवे नेटवर्क में 55,055 किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई है। यही नहीं, देश के हाईस्पीड कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) की लंबाई भी मार्च 2014 के 93 किलोमीटर से बढ़कर वर्तमान में 5,110 किलोमीटर हो गई है, जो विकास की गति को दर्शाता है।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के मामले में महाराष्ट्र देश में शीर्ष पर है, जिसकी कुल लंबाई 18,462 किलोमीटर है। महाराष्ट्र के बाद इस सूची में उत्तर प्रदेश (12,123 किमी), राजस्थान (10,733 किमी), मध्य प्रदेश (9,263 किमी) और आंध्र प्रदेश (8,683 किमी) का स्थान आता है। यह वृद्धि दर दर्शाती है कि देश के सड़क कनेक्टिविटी में तेजी से विस्तार हो रहा है।
महाराष्ट्र और अन्य शीर्ष राज्यों के अलावा, कर्नाटक (8,191 किमी), गुजरात (8,111 किमी), तमिलनाडु (7,000 किमी), बिहार (6,155 किमी) और ओडिशा (5,897 किमी) में भी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क मौजूद है। यह विस्तार देश के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि राष्ट्रीय राजमार्गों की यह प्रभावशाली लंबाई कम समय में बढ़ी है, जो केंद्र सरकार की बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करने की नीति का परिणाम है।
